सुंदरनगर (मंडी): मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के तहत जड़ोल फोरलेन पर एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी जेसीबी से पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में उत्तर प्रदेश के एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पंजाब के रहने वाले उसके साथी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, जड़ोल में फोरलेन के किनारे नालियों की सफाई का काम चल रहा था। इसी कार्य में लगी एक जेसीबी मशीन रेन शैल्टर के ठीक सामने सड़क किनारे खड़ी थी। गुरुवार शाम को अचानक एक तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई और सीधे जेसीबी के पिछले हिस्से में जा घुसी।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस को सूचित किया और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों बुरी तरह घायल युवकों को बाहर निकालकर फौरन अस्पताल पहुंचाया।
मृतक: राहुल सिंह (34 वर्ष), निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश। (हालत बेहद नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें एम्स बिलासपुर रैफर किया गया था, जहाँ इलाज के दौरान इन्होंने दम तोड़ दिया।)
घायल: साहिल अरोड़ा (34 वर्ष), निवासी लुधियाना, पंजाब। (इनका अस्पताल में इलाज जारी है।)
इस हादसे को लेकर मंडी पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी विनोद कुमार का बयान: "पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। घटना की पुष्टि की जा चुकी है और हादसे के असल कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।"